स्कूटी वाहन में पेट्रोल भरा कर वापस लौट रहे युवक को अज्ञात अपराधियों ने मारी गोली, घटनास्थल पर हुई मौत..
एक्सप्रेस न्यूज़, बक्सर: दिनारा थाना क्षेत्र के बरियारपुर पेट्रोल पंप से अपने स्कूटी वाहन में पेट्रोल भरा कर लौट रहे युवक को शुक्रवार की संध्या अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया. प्राप्त जानकारी के अनुसार युवक दिनारा थाना क्षेत्र के बरियारपुर पेट्रोल पंप से अपने स्कूटी वाहन में पेट्रोल भरा वापस घर लौट रहे थे. इसी दौरान अज्ञात अभियुक्तों ने उन्हें गोली मार दी. उक्त युवक युवा राजद का कार्यकर्ता था.
घटना के संदर्भ में मिली जानकारी के मुताबिक थाना क्षेत्र के पानापुर गांव के निवासी मनोज यादव (26 वर्ष), पिता लक्ष्मण यादव दिनारा थाना क्षेत्र के बरियारपुर पेट्रोल पंप पर अपनी स्कूटी में पेट्रोल भराने गए थे. पेट्रोल भरवाने के बाद जब वह लौट रहे थे तभी सिकठी पुल के समीप कुछ लोगों ने उन्हें रोककर उनसे बातचीत करनी शुरु की. बातचीत के दौरान ही उन लोगों ने मनोज को गोली मार दी और आराम से चलते बने. हत्या के पीछे क्या वजह थी इसकी जानकारी अभी प्राप्त नहीं हो सकी है. घटना के पश्चात मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है. वहीं, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराते हुए परिजनों को सौंप दिया गया है. पुलिस हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी है.

Comments
Post a Comment