सदर विधायक के गाड़ी से शराब बरामदगी मामले में वाहन सवार चार लोगों को पुलिस ने भेजा जेल, अन्य की तलाश जारी..
एक्सप्रेस न्यूज़ बक्सर: सदर विधायक संजय कुमार तिवारी उर्फ मुन्ना तिवारी के स्कार्पियो वाहन से शराब की ढुलाई करते पकड़े गए चार लोगों को पुलिस ने कागजी कार्रवाई पूरी करते हुए जेल भेज दिया है. इसके अलावा दो नामजद समेत एक अज्ञात को पकड़ने के लिए पुलिस प्रयासरत है.
बताते चलें कि, बुधवार को लॉक डाउन के मद्देनजर सिमरी पुलिस थाना क्षेत्र में वाहन जांच अभियान चला रही थी. इसी दौरान पुलिस के सूत्रों से जानकारी मिली की एक स्कॉर्पियो वाहन से कुछ लोग शराब की खेप लेकर कोइलवर तटबंध के रास्ते बक्सर की ओर ले जा रहे हैं. सूचना को आधार मानते हुए पुलिस ने थाना क्षेत्र में कड़ी निगरानी शुरू कर दी. इसी दरमियान बक्सर सदर विधायक संजय कुमार तिवारी उर्फ मुन्ना तिवारी के स्कार्पियो वाहन बीआर 44 - एल - 0040 से बक्सर कोइलवर तटबंध पर बड़का गांव के समीप कुछ लोग आते हुए दिखाई दिए. जिन्हें पुलिस के द्वारा रोका गया तो उन्होंने पुलिस को विधायक की गाड़ी होने की बात कही और वाहन सवार लोग विधायक की गाड़ी होने का हवाला देते हुए बच निकलना चाहा. इसके बावजूद भी शक होने पर पुलिस ने वाहन को लॉकडाउन का हवाला देते हुए सर्च किया. सर्च करने के दौरान पुलिस को सदर विधायक के वाहन से 7 बोतल शराब बरामद करने में सफलता प्राप्त हुई. शराब की बरामदगी होने के साथ ही पुलिस ने वाहन में बैठे वाहन सवार चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया. जिन्हें आज कागजी कार्रवाई पूरी कर जेल भेज दिया गया साथ ही साथ शराब बरामदगी मामले में दर्ज प्राथमिकी में दो नामजद समय एक अज्ञात को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस के द्वारा प्रयास की जा रही है.
इस बाबत सिमरी थानाध्यक्ष जुनेद आलम ने बताया कि, शराब बरामदगी मामले में संलिप्त चार लोगों को पुलिस के द्वारा कार्रवाई कर जेल भेज दिया गया है एवं अन्य नामजद समेत अज्ञात को पुलिस तलाश कर रही है. मामले में संलिप्त नामजद एवं अज्ञात को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा. उन्हें कार्रवाई की जद में आना ही पड़ेगा.

Comments
Post a Comment