गश्ती के दौरान थाना क्षेत्र के बलिहार गांव के समीप से एक बाइक पर बैठे तीन लोगों को पुलिस ने शराब के साथ किया गिरफ्तार..
एक्सप्रेस न्यूज़, बक्सर: लॉक डाउन का सख्ती से अनुपालन कराने हेतु सभी थाना क्षेत्रों में वाहन जांच अभियान एवं थाना क्षेत्र में गश्त लगाने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है. इस दौरान पुलिस को एमवी एक्ट का उल्लंघन कर वाहन चलाने वाले वाहन चालकों को पकड़ने के साथ साथ गलत कार्यों में सम्मिलित लोगों को पकड़ने में भी सफलता प्राप्त हो रही है.
इसी क्रम में बताते चलें कि औद्योगिक थानाध्यक्ष के नेतृत्व में गश्ती दल की टीम थाना क्षेत्र में गश्त लगा रही थी. इस दरमियान थाना क्षेत्र के बलिहार गांव की ओर से एक बाइक पर तीन लोग बैठकर आते हुए दिखे. जिन्हें पुलिस के द्वारा रोका गया तो बाइक पर बैठे लोग घबराने लगे. पुलिस ने देखा कि बाइक पर बैठे लोग गमछे में लपेट कर कुछ छुपा कर बैठे हैं. जिसके बाद पुलिस के द्वारा तलाशी ली गई तो गमछे में लपेटकर रखा गया शराब पुलिस के द्वारा बरामद की गई. पुलिस के द्वारा कड़ाई से पूछताछ करने पर उन्होंने बताया कि, वे लोग पीने के लिए शराब लेकर जा रहे थे. जिसके बाद पुलिस टीम ने उन तीनों बाइक सवारों को गिरफ्तार कर उनके बाइक को जब्त करते हुए थाने लेकर पहुंची. जिसके बाद कागजी कार्रवाई पूरी करते हुए जेल भेजने की तैयारी शुरू कर दी गई.
इस बाबत औद्योगिक थानाध्यक्ष दिनेश मालाकार ने जानकारी देते हुए बताया कि थाना क्षेत्र में गश्ती के दौरान गिरफ्तार किए गए तीनों लोगों के विरुद्ध लॉक डाउन का उल्लंघन करने एवं शराब बरामदगी मामले में तथा एमवी एक्ट का उल्लंघन करने के आरोप में सुसंगत धाराओं के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है. जिन्हें कानूनी कार्रवाई पूरी कर जेल भेज दिया जाएगा.

Comments
Post a Comment