प्रवासी मजदूरों के जिले में आगमन के मद्देनजर व्यवस्थाओं के संबंध में डीएम ने आहुत की बैठक, जारी किए कई निर्देश..
एक्सप्रेस न्यूज़, बक्सर: प्रवासी मजदूरों के जिला में आगमन के मद्देनजर की जाने वाली व्यवस्थाओं के संबंध में जिला पदाधिकारी बक्सर अमन समीर की अध्यक्षता में बैठक आहूत की गई. जिला पदाधिकारी ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि, बड़ी संख्या में प्रवासी मजदूरों का आगमन जिला में होना संभावित है. ऐसे सभी मजदूरों को क्वॉरेंटाइन सेंटर में रखा जाना है. ताकि उनकी जांच आदि एवं अन्य कार्रवाई की जा सके. बैठक में उपस्थित जिला कार्यक्रम पदाधिकारी एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देशित किया गया है कि, सभी विद्यालयों के अद्यतन स्थिति शौचालय सहित की विवरणी अविलंब देना सुनिश्चित करें. ताकि, आवश्यकता पड़ने पर सभी विद्यालय भवनों का प्रयोग क्वॉरेंटाइन केंद्रों के लिए किया जा सके. विद्यालय में कार्यरत प्रधानाध्यापक/ शिक्षक के द्वारा ही केंद्र का संचालन किया जाएगा. इस संबंध में जिला शिक्षा पदाधिकारी को क्वॉरेंटाइन सेंटर संचालन हेतु चिन्हित विद्यालयों के प्रधानाध्यापक/ शिक्षक की सूची नाम पदनाम एवं मोबाइल नंबर के साथ अविलंब उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया. सभी आवश्यक सामग्री आपदा प्रबंधन विभाग के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी. आवश्यक सामग्रियों की उपलब्धता हेतु समन्वय के लिए पंचायत स्तरीय कर्मी को संबधित विद्यालय से संबंध किया जाएगा. कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में महिलाओं को रखने हेतु आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु क्षमता का आकलन का प्रतिवेदन देने का आदेश जारी किया. वैसे प्रवासी मजदूर जो परिवार के साथ आएंगे उनके रहने के लिए प्रखंड संसाधन केंद्र में व्यवस्था की जाएगी. इसके लिए सभी प्रखंड संसाधन केंद्रों को क्षमता का आकलन कर भेजने को निर्देशित किया गया है. विद्यालय में रखे जाने वाले व्यक्तियों हेतु भोजन बनाने हेतु रसोईया तथा साफ-सफाई करने वाले कर्मी का प्रबंध विद्यालय के माध्यम से किया जाएगा तथा उसका भुगतान आपदा के माध्यम नियमानुसार किया जाएगा. इस कार्य के लिए रसोईया तथा सफाई कर्मी की सूची तैयार कराने का भी निर्देश जारी किया गया. विद्यालयों के चाहरदीवारी एवं पेयजल हेतु चापाकलों के अद्यतन स्थिति की जानकारी भी देने का निर्देश दिया गया. विद्यालयों एवं प्रखंड के बीच समन्वय स्थापित करने हेतु शिक्षा विभाग की ओर से सभी सीआरसीसी कार्य करेंगे. सभी सीआरसीसी प्रखंड अंतर्गत अपने प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी से समन्वय करेंगे तथा प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी/प्रखंड विकास पदाधिकारी/अंचलाधिकारी से समन्वय स्थापित कर विद्यालयों में आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित कराएंगे. विद्यालयों में बनाए गए क्वॉरेंटाइन केंद्र के पर्यवेक्षण एवं कार्यों का अनुश्रवण हेतु शिक्षा विभाग के अधिकारी को नामित किया गया. बक्सर एवं इटाढी के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी बक्सर को चौसा एवं राजपुर के लिए जिला कार्यक्रम पदाधिकारी सर्व शिक्षा अभियान बक्सर को डुमराव एवं सिमरी के लिए जिला कार्यक्रम पदाधिकारी स्थापना बक्सर को ब्रह्मपुर एवं चक्की के लिए जिला परियोजना प्रबंधक मध्यान भोजन योजना बक्सर को नवानगर केसठ एवं चौंगाई के लिए जिला कार्यक्रम पदाधिकारी मध्यान्ह भोजन योजना बक्सर को नामित किया गया है.सभी उपरोक्त अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि, संबंध प्रखंड के विद्यालयों में क्वॉरेंटाइन केंद्रों के संचालन के प्रबंधन का पर्यवेक्षण एवं अनुश्रवण करेंगे. बैठक में उप विकास आयुक्त, सभी जिला कार्यक्रम पदाधिकारी एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी उपस्थित रहे.

Comments
Post a Comment