- वाहन जप्त करने के साथ ही पुलिस ने वाहन में बैठे चार लोगों को किया गिरफ्तार.
- सिमरी थाने की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार दिया कार्रवाई को अंजाम.
एक्सप्रेस न्यूज़, बक्सर: लॉक डाउन के मद्देनजर सिमरी पुलिस थाना क्षेत्र में वाहन जांच अभियान चला रही थी. इसी दौरान पुलिस के सूत्रों से जानकारी मिली की एक स्कॉर्पियो वाहन से कुछ लोग शराब की खेप लेकर कोइलवर तटबंध के रास्ते बक्सर की ओर ले जा रहे हैं. सूचना को आधार मानते हुए पुलिस ने थाना क्षेत्र में कड़ी निगरानी शुरू कर दी. इसी दरमियान बक्सर सदर विधायक संजय कुमार तिवारी उर्फ मुन्ना तिवारी के स्कार्पियो वाहन बीआर 44 - एल - 0040 से बक्सर कोइलवर तटबंध पर बड़का गांव के समीप कुछ लोग आते हुए दिखाई दिए. जिन्हें पुलिस के द्वारा रोका गया तो उन्होंने पुलिस को विधायक की गाड़ी होने की बात कही. इसके बावजूद भी शक होने पर पुलिस ने वाहन को लॉकडाउन का हवाला देते हुए सर्च किया. स्कार्पियो वाहन को सर्च करने पर पुलिस को प्राप्त गुप्त सूचना सही साबित हो गई. सदर विधायक के स्कार्पियो वाहन से कुल 7 बोतल विदेशी शराब बरामद करने में पुलिस को कामयाबी मिली. जिसके बाद पुलिस के द्वारा वाहन में सवार सभी लोगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया. हिरासत में लिए गए लोगों में दलसागर के रहने वाले रितेश कुमार तथा विक्की तिवारी चुरामनपुर के रहने वाले सुशील कुमार प्रसाद एवं बड़कागांव मानसिंह पट्टी के रहने वाले अनिल मिश्रा शामिल है. मामले में पुलिस के द्वारा जानकारी दी गई कि, वाहन में सवार सभी लोगों ने यह बात स्वीकार की है कि वे लोग बरामद 7 बोतल विदेशी शराब सदर विधायक संजय कुमार तिवारी उर्फ मुन्ना तिवारी के लिए लेकर जा रहे थे. सदर विधायक मुन्ना तिवारी के वाहन में शराब बरामद होने के जिले में चर्चाओं की दौड़ शुरू हो गई है.
इस संदर्भ में सदर विधायक संजय कुमार तिवारी उर्फ मुन्ना तिवारी ने बताया है कि, उक्त वाहन को उन्होंने राशन वितरण करने के लिए भेजा था. जो कि बड़कागांव एवं अन्य जगहों पर राशन वितरण करके लौट रहा था. राशन वितरण कर लौटने के दरमियान वाहन में शराब कैसे आया यह बात उन्हें भी जानकारी नहीं है. विरोधी लोगों के द्वारा फंसाने के नियत से योजनाबद्ध तरीके से उनके वाहन में शराब रख या रखवा दी गई है. हालांकि, पुलिस का कहना है कि वाहन में सवार लोगों ने कबूल किया है कि वे लोग सदर विधायक के लिए शराब लेकर जा रहे हैं.

Comments
Post a Comment