एक्सप्रेस न्यूज़, बक्सर: नगर थाना क्षेत्र के आई.टी.आई मैदान के समीप बाइक सवार अपराधियों ने असलहे के बल पर सदर अस्पताल के एक्सरे संचालक से लूट की घटना को अंजाम दिया है. बताया जा रहा है कि यह घटना रात्रि तकरीबन 8:30 बजे की है. दो बाइक पर तीन की संख्या में सवार अपराधियों ने एक्सरे संचालक की बाइक को रोक कर पिस्टल के बल पर लूट की घटना को अंजाम दिया है. एक्सरे संचालक सदर अस्पताल से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान जैसे ही वो अपने घर की तरफ जाने वाले रास्ते में मुड़े तभी अपराधियों ने उन्हें रोक कर इस घटना को अंजाम दिया है.
इस संदर्भ में जानकारी देते हुए नगर थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि सदर अस्पताल के एक्सरे संचालक टुनटुन राय प्रतिदिन की तरह सदर अस्पताल से अपने कार्य को निबटा कर वीर कुंवर सिंह कॉलोनी स्थित अपने घर लौट रहे थे. तभी, उनके घर के तरफ जाने वाले रास्ते में जैसे ही वो मुड़े तो दो बाइक पर सवार तीन अपराधियों ने उनके बाइक को रुकवाया. अपराधियों के द्वारा उनके बाइक को रुकवाने के पश्चात पिस्टल के बल पर उनके गले से तीन सोने के चेन एवं एक ओप्पो कंपनी का स्मार्टफोन छीन लिया गया. इस दौरान अपराधियों के द्वारा एक राउंड फायरिंग भी की गई. लूट की इस घटना को अंजाम देने के पश्चात अपराधी आसानी से भागने में सफल रहे. मौके से पुलिस ने एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया है. घटनास्थल पर पहुंचने के पश्चात पुलिस संचालक के द्वारा बताए गए अपराधियों के हुलिए के आधार पर अपराधियों की पहचान करने में जुट गई है.


Comments
Post a Comment