एक्सप्रेस न्यूज़, बक्सर: औद्योगिक थाना क्षेत्र की पुलिस ने दो बोतल शराब के साथ दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है. दोनों युवक अहिरौली गांव के रहने वाले सोनू राम एवं अशोक राम बताए जा रहे हैं. पुलिस ने गिरफ्तार दोनों युवकों से पूछताछ करने के पश्चात जेल भेज दिया है.
इस संदर्भ में जानकारी देते हुए औद्योगिक थानाध्यक्ष दिनेश कुमार मालाकार ने बताया कि पुलिस अहिरौली गांव में अशोक राम को गिरफ्तार करने गई थी. घर पर पहुंची पुलिस को देख कर अशोक राम का भाई सोनू राम एक थैला लेकर भागने लगा. पुलिस ने भाग रहे सोनू राम को पीछा कर पकड़ लिया. उसके पकड़े जाने के पश्चात जब पुलिस ने उसके पास मौजूद थैले की तलाशी ली तो थैले से 2 बोतल शराब बरामद हुआ. इसी बीच सोनू राम के भाई अशोक राम नशे की हालत में घर पहुंचा. जिसे देखते ही नशे के हालत में पुलिस ने अशोक राम को भी गिरफ्तार कर लिया. थानाध्यक्ष ने जानकारी देते हुए बताया कि अशोक राम के विरुद्ध थाने में पूर्व से ही शराब के मामले में प्राथमिकी दर्ज है. जिसे गिरफ्तार करने के लिए रविवार की सुबह पुलिस अहिरौली गांव पहुंची थी.


Comments
Post a Comment