एक्सप्रेस न्यूज़, बक्सर: जिले में दो जगहों से फर्जीवाड़ा एवं गबन करने के आरोप में पुलिस ने 2 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. बताते चलें की पहला मामला इटाढी थाना क्षेत्र से प्रकाश में आया है. वहीं, दूसरा मामला औद्योगिक थाना क्षेत्र से प्रकाश में आया है. बताया जा रहा है कि इटाढ़ी थाना क्षेत्र के गोपालपुर गाँव के वार्ड सदस्य से मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना में धोखे से 1 लाख 20 हजार की ठगी करने वाला ठेकेदार को इटाढ़ी थाना की पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया हैं. इस संदर्भ में जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि स्थानीय थाना के गोपालपुर गाँव निवासी जगदम्बा सेठ पिता कैलाश सेठ पर गाँव के ही एक वार्ड सदस्य ने फर्जी तरीके से 1.20 लाख रुपए की निकासी कर लिए जाने की प्राथमिकी दर्ज कराई थी. अभियुक्त पर आरोप लगा है कि उसने वार्ड पार्षद से फर्जीवाड़ा करते हुए दो बार चेक लेकर लाखों रुपए की निकासी कर ली है. इस संदर्भ में इटाढी थाने में वार्ड पार्षद ने 1 माह पूर्व प्राथमिकी दर्ज कराई थी. दर्ज प्राथमिकी के आलोक में पुलिस के द्वारा अभियुक्त को पकड़ने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा था. गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयासरत पुलिस को शुक्रवार को अभियुक्त जगदम्बा सेठ को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त हुई है.
दूसरी तरफ औद्योगिक थाना क्षेत्र में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की महत्वकांक्षी सात निश्चय योजना के अंतर्गत नल-जल योजना के 15 लाख रुपये गबन करने वाले एक वार्ड सचिव को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. वहीं वार्ड सदस्य फरार चल रहे हैं. जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस के द्वारा प्रयास किया जा रहा है. मामला औद्योगिक थाना क्षेत्र के सदर प्रखंड के जगदीशपुर पंचायत का है. गिरफ्तार वार्ड सचिव भटवलिया गांव का रहने वाला अवधेश कुमार गोड़ बताया जाता है.
दरअसल, सदर प्रखंड के जगदीशपुर पंचायत के वार्ड संख्या 10 में नल-जल योजना के तहत कार्य करना था. योजना के तहत सरकार के तरफ से 15 लाख रुपये की स्वीकृति मिली थी. योजना का कार्य वार्ड सदस्य के देखरेख में कराना था. बताया जा रहा कि कार्य कराने को लेकर वार्ड सदस्य द्वारा ठीकेदार को 15 लाख रुपये दे दिए गए. कार्य कराने के लिए राशि मिलने के बाद भी ठीकेदार के द्वारा वार्ड में कार्य नहीं कराया जा सका.
ऐसे में सदर प्रखंड विकास पदाधिकारी के निर्देश पर पंचायत सेवक लालबाबू यादव ने वार्ड सदस्य जाएदा खातून और वार्ड सचिव अवधेश कुमार गोंड़ के खिलाफ औद्योगिक थाना में मामला दर्ज कराया. इसी मामले में औद्योगिक थाने की पुलिस ने गुरुवार की देर रात भटवालिया गांव में छापेमारी कर वार्ड सदस्य अवधेश कुमार गोंड़ को गिरफ्तार कर लिया. जबकि, वार्ड सदस्य जाएदा खातून नहीं पकड़ में आ सकी.
औद्योगिक थानाध्यक्ष दिनेश कुमार मालाकार ने मामले की पुष्टि की है. उन्होंने बताया है कि वार्ड सचिव को गिरफ्तार कर लिया गया है. वार्ड सदस्य की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की जा रही है जल्द ही वार्ड सदस्य को भी गिरफ्तार करने की कोशिश पुलिस के द्वारा की जा रही है.


Comments
Post a Comment