मर्डर: घरेलू विवाद में पति ने बीच सड़क पर ही क्रूरता से पत्नी की गर्दन काटकर कर दी हत्या, पुलिस ने किया गिरफ्तार..
एक्सप्रेस न्यूज़, बक्सर: ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के बाबा बरमेश्वर नाथ मंदिर के तरफ जाने वाले रास्ते में कुमार मॉल के समीप एक वहसी पति ने अपनी पत्नी की बेहद ही क्रूरता से धारदार हथियार से गर्दन काट कर उसकी हत्या कर दी है. बताया जा रहा है कि मृतका का नाम चांदनी देवी तथा पति का नाम अलगू यादव पिता बेचू यादव थाना क्षेत्र के पश्चिम टोला के रहने वाले हैं. घटना की जानकारी मिलने के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस के द्वारा अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा पूछताछ जारी है. वहीं, पुलिस के द्वारा मृतका के शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम हेतु भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
इस संदर्भ में जानकारी देते हुए ब्रह्मपुर थानाध्यक्ष निर्मल कुमार ने बताया कि कुमार मॉल के समीप एक पति ने अपनी पत्नी की धारदार हथियार से गर्दन काटकर हत्या कर दी है. उन्होंने बताया कि घटना सुबह तकरीबन 8:15 बजे की है. जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि ब्रह्मपुर पश्चिम टोला निवासी अलगू यादव पिता बेचू यादव नामक व्यक्ति ने अपनी 30 वर्षीय पत्नी चांदनी देवी की हत्या घरेलू विवाद में कर दी है. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों एक साथ सड़क पर चल रहे थे. तभी, पति ने हल्ला हंगामा करते हुए अपने हाथ में लिए तलवार से पत्नी पर ताबड़तोड़ तीन वार कर दिए. बताया जा रहा है कि इस हमले में पत्नी निढाल होकर सड़क पर गिर गई और वहीं पर दम तोड़ दी. घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. बताया जा रहा है कि आरोपी ने भागने की कोशिश नहीं की तथा खुद को पुलिस के हवाले कर दिया. स्थानीय सूत्रों के मुताबिक पति पत्नी में कुछ आपसी विवाद हो गया था. जिसके बाद पत्नी घर छोड़ने की धमकी देते हुए घर से निकल गई. साथ में पति भी निकला और घर से महज कुछ ही दूरी आगे जाकर उसने पत्नी की हत्या कर दी. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक हत्या की वजह पारिवारिक तनाव ही बताया जा रहा है. हत्या की इस वारदात के बाद पति को गिरफ्तार किए जाने की पुष्टि करते हुए थानाध्यक्ष निर्मल कुमार ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा. मृतका के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है.


Comments
Post a Comment