खरवनिया से गायब युवक का बड़की बसौली गांव के नहर में मिला शव, हत्या या आत्महत्या की जांच में जुटी पुलिस..
एक्सप्रेस न्यूज़, बक्सर: नवानगर थाना क्षेत्र के खरवनिया गांव से एक छात्र स्थानीय थाना क्षेत्र के केसठ में दवा लेने के लिए गया. जो कि काफी समय बीत जाने के बाद भी घर वापस नहीं आया और रास्ते से ही रहस्यमय ढंग से गायब हो गया. गायब छात्र का शव औद्योगिक थाना क्षेत्र के बड़की बसौली गांव के नहर से बरामद किया गया. शव बरामदगी की सूचना प्राप्त होने के पश्चात मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण हेतु भेजने के पश्चात मामले की छानबीन में जुट गई.
मामले में प्राप्त जानकारी के अनुसार नवानगर थाना क्षेत्र के खरवनिया गांव के रहने वाले अजय कुमार शर्मा 18 वर्ष पुत्र आयुष कुमार रविवार की सुबह 9:30 बजे घर से दवा लेने केसठ के लिए गया था. परंतु, शाम तक घर नहीं लौटने के बाद परिजनों ने अजय की तलाश शुरू की. इसके बावजूद उसका कोई अता पता परिजनों को मालूम नहीं चल सका. जिसके बाद अजय के चाचा संजय कुमार शर्मा के द्वारा नावानगर थाना को गुमशुदगी का सूचना दिया गया. पुलिस अभी अजय के खोज में ही लगी थी. इसी बीच सोमवार की सुबह पुलिस को सूचना प्राप्त हुआ कि एक युवक का शव बड़की बसौली के नहर में फेंका हुआ है. इस घटना की सूचना प्राप्त होते ही औद्योगिक थानाध्यक्ष दिनेश कुमार मालाकार के नेतृत्व में पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेने के पश्चात शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. घटनास्थल से पुलिस को अजय की साइकिल भी मिली है. बताया जा रहा है कि मृतक अजय दो भाइयों में बड़ा था छोटा भाई अजीत कुमार भी पढ़ाई करता है. वहीं, अजय सुपौल में पॉलिटेक्निक की पढ़ाई करता था. लॉकडाउन के दौरान अजय अपने घर पर आया था. घटना की सूचना मिलते ही परिजनों के बीच चीख पुकार मच गई एवं पूरा माहौल मातमी सन्नाटा में बदल गया.
इस घटना के पश्चात पुलिस हत्या या आत्महत्या के जांच में जुटी है. पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक 18 वर्षीय अजय का शव अपने गांव से इतनी दूरी पर बरामद होना कहीं ना कहीं हत्या की तरफ इशारा कर रहा है. वहीं, दूसरी तरफ स्थानीय पुलिस दुर्घटना की आशंका भी जता रही है. यह भी कहा जा रहा है कि संभवत उसने आत्महत्या कर ली है. हालांकि, यह एक बड़ा सवाल है कि अगर यह हत्या है तो हत्यारा इतनी दूर साइकिल चलाकर क्यों ले आया ? और अगर यह आत्महत्या है तो मृतक अपने गांव से इतने किलोमीटर दूर साइकिल चलाकर क्यों आया? मामले में औद्योगिक थानाध्यक्ष ने बताया कि, स्थानीय कुछ लोगों ने छात्र को डूबते हुए भी देखा है. प्रत्यक्षदर्शियों के बीच चल रही चर्चा के मुताबिक मृत युवक के मुंह से झाग तथा खून भी आ रहा था. बहरहाल, मामला जो भी हो पुलिस के लिए हत्या की गुत्थी सुलझाना काफी चुनौतीपूर्ण होगा.


Comments
Post a Comment