जिले में तेजी से पांव पसार रहा है कोरोना संक्रमण 24 घंटे में 115 नए मामले आए सामने, सक्रिय मामले हुए 633..
एक्सप्रेस न्यूज़, बक्सर: जिले में कोरोना संक्रमण का प्रसार काफी तेजी से हो रहा है. 24 घंटे में सर्वाधिक 115 पॉजिटिव मामलों के साथ कोरोना संक्रमित सक्रिय मरीजों की संख्या 633 हो गई है. ऐसे में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को ध्यान में रखते हुए जिले वासियों को और भी एहतियात बरतने की आवश्यकता है. गुरुवार को जिला प्रशासन के द्वारा जारी किए गए कोरोना अपडेट में बक्सर नगर के विभिन्न मोहल्लों के मामले सर्वाधिक है. बक्सर में सबसे ज्यादा मामले पुलिस लाइन में पाए गए हैं. इसके अतिरिक्त बालगृह में भी एक बच्चे को संक्रमित पाया गया है. दलसागर के समीप तिवारीपुर गांव में पहली बार कोरोना संक्रमण मिला है.
ब्रह्मपुर के रघुनाथपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के अतिरिक्त दल्लूपुर, भादा आदि गाँवों में, सिमरी के सतफेड़वा, बलिहार तथा सिमरी बाजार, चौगाईं सीओ ऑफिस व अमसारी गाँव, केसठ के वार्ड संख्या 5, 6, 7 एवं 13 तथा डुमराँव के नुआंव में भी संक्रमित व्यक्तियों के मिलने की सूचना है. चौसा के पलिया में एक व्यक्ति को संक्रमित पाया गया है. वहीं, राजपुर के सिकठी में कई मामलों के अतिरिक्त खरवनिया आदि गांवो के साथ नावानगर के आथर तथा वैना गांव में संक्रमण के मामले सामने आए हैं.
वहीं, दूसरी तरफ जिला पदाधिकारी अमन समीर के द्वारा कोविड-19 के संक्रमण के प्रभाव को रोकने हेतु किए जा रहे निरोधात्मक कार्यों की समीक्षा की. जिला पदाधिकारी के द्वारा जिले में टेस्टिंग की संख्या बढ़ाने पर जोर देते हुए 10 अगस्त तक 2500 व्यक्तियों की जाँच के लक्ष्य हेतु सभी आवश्यक तैयारी करने का निदेश सिविल सर्जन बक्सर को दिया गया है. साथ ही जाँच किये गये व्यक्तियों से संबंधित प्रतिवेदन विभागीय पोर्टल पर प्रतिदिन अपटेड करने का निर्देश दिया गया है. कन्टेनमेन्ट जोन में पूरी सख्ती बरतने का निर्देश अनुमंडल पदाधिकारी सदर एवं अनुमंडल को दिया गया है. कोविड अस्पताल एवं आइसोलेशन सेन्टर पर सभी आधारभूत सुविधाओं को उपलब्घ कराने हेतु निदेश भी सिविल सर्जन को दिया गया है.


Comments
Post a Comment