एक्सप्रेस न्यूज़, बक्सर: शराब की नशे में धुत होकर शराब की तस्करी करते हुए दो शराब तस्करों को औद्योगिक थाना क्षेत्र की पुलिस ने संध्या गस्ती के दौरान गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार दोनों तस्कर रिश्ते में सगे भाई बताए जा रहे हैं. पुलिस ने इन दोनों शराब तस्करों के पास से 8 लीटर देसी शराब बरामद करने में सफलता हासिल की है.
इस संदर्भ में जानकारी देते हुए औद्योगिक थानाध्यक्ष दिनेश कुमार मालाकार ने बताया कि, उनकी उपस्थिति में औद्योगिक थाना क्षेत्र की पुलिस विधि व्यवस्था एवं तमाम गतिविधियों के देखरेख में निकली थी. तभी, थाना क्षेत्र में गश्ती के दौरान पुलिस ने बलिहार के तरफ से एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर दो युवकों को मोटरसाइकिल पर कुछ रखकर आते हुए देखा और दोनों युवक जब पुलिस के गाड़ी के समीप आए तो उन्हें रुकने का इशारा किया गया. जब पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो दोनों युवक बाइक तेज कर भागने लगे. जिसके बाद गश्ती दल के वाहन चालक शोएब खान ने भाग रहे दोनों बाइक सवार को पकड़ने के लिए अपने वाहन के गति को बढ़ा दी और बाइक सवार युवकों को अपने वाहन से ओवरटेक कर रोक लिया गया. जब पुलिस ने अपने वाहन से ओवरटेक कर बाइक सवारों को रोक लिया गया तो दोनों बाइक सवार पैदल ही उतर कर भागने लगे. भाग रहे दोनों युवकों को एसआई जुबेर खान थानाध्यक्ष दिनेश कुमार मालाकार एवं वाहन चालक शोएब खान के द्वारा दौड़ाकर पकड़ लिया गया. पकड़े गए दोनों युवकों के शरीर की तलाशी ली गई तो कुछ भी बरामद नहीं हुआ. लेकिन, जैसे ही पुलिस ने बाइक के समीप छोड़कर भागे समान की तलाशी ली तो एक गैलन में 8 लीटर देशी शराब बरामद करने में सफलता हासिल की. इस बारे में जब बाइक सवार युवकों से पूछताछ की जाने लगी तो दोनों बाइक सवार युवकों के मुंह से शराब की गंध आ रही थी. जिसके बाद पुलिस के द्वारा उन दोनों बाइक सवार युवकों को हिरासत में लेते हुए बरामद शराब एवं बाइक को जब्त कर लिया गया. उसके बाद पुलिस दोनों बाइक सवार युवकों को शराब एवं बाइक के साथ थाने लेकर पहुंची. पुलिस के थाना पहुंचने के पश्चात हिरासत में लिए गए युवकों से पूछताछ शुरू की गई. पूछताछ के दौरान दोनों युवकों ने अपना नाम राकेश कुमार एवं शिवकुमार पिता बृज मंगल कुमार ग्राम चुरामनपुर बताया. दोनों युवकों का मेडिकल जांच कराया गया. मेडिकल रिपोर्ट में शराब पीने की पुष्टि हो जाने के बाद कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए गिरफ्तार दोनों युवकों के विरुद्ध शराब पीने एवं शराब की तस्करी करने के आरोप में सुसंगत धाराओं के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई. प्राथमिकी दर्ज करने के पश्चात गिरफ्तार दोनों युवकों को न्यायालय में प्रस्तुत कर जेल भेजने की कार्रवाई प्रारंभ की गई.


Comments
Post a Comment