एक्सप्रेस न्यूज़, बक्सर: शहर के सोहनीपट्टी इलाके में एक घर में भगवान शंकर की आकृति उभरने की बात सामने आई. बताया जा रहा है कि, घर के फर्श पर भगवान शंकर की आकृति उभर गई है. यह बात जंगल की आग की तरह पूरे मोहल्ले में फैल गई तथा स्थानीय निवासी बूटा शाह के घर पर भोलेनाथ के दर्शन के लिए सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई.
कहीं भी संक्रमण काल के दौरान एक साथ ज्यादा लोगों के इकट्ठा होने पर मनाही है. बड़ी संख्या में भोलेनाथ के दर्शन के लिए पहुंचे लोगों को देखकर स्थानीय लोगों ने चिंता व्यक्त की तथा प्रशासन को इसकी सूचना दे दी. उधर, मौके पर पहुंचे लोगों के द्वारा हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा इलाका गूंज उठा. मौके पर पहुंची कई महिलाओं ने तो भगवान भोलेनाथ की पूजन-अर्चन भी शुरू कर दी है. महिलाओं का कहना है कि भोलेनाथ कोरोना के कहर से धरती को बचाने के लिए कलयुग में दर्शन दिए हैं. स्थानीय लोगों से सूचना मिलने के पश्चात नगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई तथा तत्काल उस कमरे को बंद करा दिया. जिसमें भगवान शिव की आकृति उभरने की बात कही जा रही थी.
बताया जा रहा है कि जो आकृति वहां दिखी वह देखने से भगवान शिव का स्वरूप ही लग रही थी लेकिन, इसके पीछे की सच्चाई अभी तक सामने नहीं आई है. उम्मीद है कि बुधवार को जब मामले की जांच करने के लिए पुलिस मौके पर पहुंचेगी तो सारी बातें स्पष्ट हो जाएंगी.
बताते चलें कि, कोरोना संक्रमण काल में एक तरफ जहां पूरा विश्व महामारी की चपेट में है. वहीं, दूसरी तरफ बक्सर समेत देश के विभिन्न भागों में अंधविश्वास की कई कहानियां भी गढ़ी जा रही हैं. कई महिलाएं कोरोना को देवी का स्वरूप बताकर उनके पूजन अर्चन में जुटी हुई है. माना जा रहा है कि घर के फर्श से भगवान शिव की आकृति उभर कर सामने आना. ऐसे ही किसी चमत्कार से जुड़ी बात हो सकती है. जिसका खुलासा आगे की पुलिसिया जांच में हो जाने की संभावना है. फिलहाल अभी कुछ भी कहा नहीं जा सकता है. फर्श पर भोलेनाथ की आकृति उभरने के बाद भोलेनाथ के भक्तों में हर्ष का माहौल व्याप्त है. लोग हर हर महादेव एवं जय महाकाल के नारे लगा रहे हैं.


Comments
Post a Comment