एक्सप्रेस न्यूज़, बक्सर: हरियाली मानव जीवन के लिए महत्वपूर्ण होने के साथ-साथ धरती के लिए कवच का कार्य करती है. धरती पर हरियाली मानव जीवन के आधार स्तम्भ भी हैं. सिमरी थानाध्यक्ष जुनैद आलम ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को केशोपुर के समीप गंगा तट पर आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम के दौरान ये बातें कही. उन्होंने कहा कि बिना पेड़ पौधे एवं हरियाली के मानव जीवन संभव नहीं है. पेड़ पौधों से प्राप्त होने वाले ऑक्सीजन मानव जीवन के लिए काफी महत्वपूर्ण है. बिना ऑक्सीजन के एक पल भी जीवन का निर्वहन कर पाना संभव नहीं है.
इन सभी बातों को ध्यान में रखकर पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधरोपण करना अति आवश्यक है. उन्होंने कहा कि पर्यावरण की रक्षा करना हर देशवासी का दायित्व व कर्तव्य है. अगर हम पर्यावरण की रक्षा करेंगे, पौधरोपण कर पर्यावरण को संतुलित रखेंगे तो ही हम आने वाली पीढ़ी को हरा-भरा विरासत सौंप पाएंगे. पुलिस पदाधिकारी अशोक मिश्रा व रघुवीर सिंह ने कहा कि बगैर पेड़ लगाए प्रकृति को संतुलित बनाए रखना संभव नहीं है. मौके पर मौजूद लोगों ने कहा कि प्रकृति को बचाने में पौधरोपण का विशेष महत्व है. पौधे से ही हवा समेत अन्य आवश्यकताओं की पूर्ति करते हैं. उन्होंने कहा कि अगर हम सभी एक-एक पौधा लगाने की ठान लें तो पर्यावरण की समस्या अपने आप हल हो जाएगी. इस मौके पर पप्पू गुप्ता, पवन तिवारी, राहुल राय, अरुण राय, पंकज कुमार, जगनारायण राय, अमित कुमार सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता शामिल थे.
- एक्सप्रेस न्यूज़ के लिए इंद्रकांत तिवारी की रिपोर्ट.


Comments
Post a Comment