पति ने पत्नी को मोबाइल पर बात करने से किया मना तो पत्नी ने शरीर पर मिट्टी तेल उड़ेल कर लगा ली आग, हुई मौत..
एक्सप्रेस न्यूज़, बक्सर: मोबाइल पर बात करने को लेकर हुए विवाद ने ऐसा तूल पकड़ा कि राजपुर थाना क्षेत्र के राजापुर गांव में एक विवाहिता ने खुद के शरीर पर केरोसिन छिड़ककर आग लगा ली और अपनी इहलीला को समाप्त कर लिया. घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
मामले में मिली जानकारी के मुताबिक स्थानीय निवासी सुनील राजभर की शादी तकरीबन 8 वर्ष पूर्व बघेलवा गांव की संध्या के साथ हुई थी. शादी के कुछ ही दिनों के बाद इन दोनों के बीच छोटी-छोटी विवादे शुरू हो गई. स्थानीय सूत्रों के मुताबिक अक्सर इन दोनों के बीच विवाद होता रहता था. इसी बीच शनिवार की शाम विवाहिता मोबाइल पर किसी से बात कर रही थी और पति ने उसे मना किया. इसी बात को लेकर दोनों के बीच नोकझोंक शुरू हुई. नोकझोंक इतनी बढ़ गई कि, आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे पड़ोसियों ने दोनों को समझा-बुझाकर शांत कराया. किसी तरह रात बीती और सुबह हुई. रविवार की सुबह सुनील तथा उसके पिता बिरेंद्र राजभर किसी कार्य के लिए घर से बाहर निकले इसी बीच संध्या ने अपने बदन पर केरोसिन छिड़ककर आग लगा ली. आग लगते ही घर से निकल रहे धुएं और चीख-पुकार की आवाज सुनकर आस-पड़ोस के लोग किसी तरह घर का दरवाजा तोड़कर घर में दाखिल हुए लेकिन तब तक विवाहिता बुरी तरह झुलस चुकी थी. लोग उसे अस्पताल ले जाने का प्रयास कर ही रहे थे. इसी बीच उसने दम तोड़ दिया. घटना की सूचना विवाहिता के मायके वालों को दी गई. जिसके बाद मौके पर पहुंचे उसके पिता टुनटुन राजभर एवं माता का रो-रो कर बुरा हाल हो गया. बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. बताया जा रहा है कि सुनील और संध्या के दो पुत्र और एक पुत्री है.

Comments
Post a Comment