एक्सप्रेस न्यूज़, बक्सर: लॉक डाउन के दौरान अपराध की योजना बना रहे एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार करने के साथ ही उसके मंसूबों पर पानी फेर दिया है. शहर के चरित्रवन से हथियार और कारतूस के साथ एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है. युवक के पास से पुलिस ने एक लैपटॉप और तीन पेन ड्राइव भी बरामद किया है. जिसे जब्त करते हुए पुलिस उसके डेटा को खंगाल रही है. साथ ही युवक से की गई पूछताछ में मिली जानकारी के मुताबिक छापेमारी भी की जा रही है. वहीं, पुलिस युवक के अपराधिक इतिहास भी खंगालने में जुटी है. गिरफ्तार युवक चरित्रवन का रहने वाला विनय तिवारी का पुत्र सुधीर तिवारी बताया जा रहा है.
बताया जाता है कि, पुलिस अधीक्षक उपेन्द्र नाथ वर्मा को सूचना मिली कि चरित्रवन के रहने वाले सुधीर कुमार तिवारी ने हथियार लेकर अपने घर में रखा हुआ है. सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक ने नगर थानाध्यक्ष रंजीत कुमार के नेतृत्व में एक टीम का गठन कर सुधीर के घर छापेमारी करने का निर्देश दिया गया. एसपी के निर्देश मिलते ही नगर थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने सुधीर कुमार तिवारी के घर छापेमारी की जहां पुलिस को एक कट्टा, 10 कारतूस, एक लैपटॉप और तीन पेन ड्राइव बरामद करने में सफलता प्राप्त हुई. साथ ही सुधीर कुमार को मौके से गिरफ्तार कर लिया.
नगर थानाध्यक्ष ने बताया कि, युवक के खिलाफ गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई है. उसके अपराधिक इतिहास को खंगाला जा रहा है. माना जा रहा है कि वह किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में था.

Comments
Post a Comment