बाल विवाह से होने वाले नुकसान को समझें उमरपुर के ग्रामीण, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के द्वारा आयोजित था कार्यक्रम..
- गांव गांव घूमकर नुक्कड़ नाटक व जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को किया जा रहा है जागरूक.
- पंचायत के मुखिया, औद्योगिक थानाध्यक्ष व प्राधिकार की सचिव की रही गरिमामयी उपस्थिति.
एक्सप्रेस न्यूज़, बक्सर:ग्राम पंचायत उमरपुर के बड़का गाँव में पंचायत के मुखिया धनंजय मिश्रा की अध्यक्षता में बाल विवाह मुक्त भारत विषय पर जागरूकता नुक्कड़ सभा एवं नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया.
यह कार्यक्रम जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में आयोजित हुआ. जिसमें प्राधिकार की सचिव नेहा दयाल की गरिमामयी उपस्थिति रही. साथ ही बक्सर (औद्योगिक) थाना के प्रभारी सुरेश कुमार सिंह भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे.
कार्यक्रम के दौरान आशा ईकाई सदस्य पैनल अधिवक्ता दीपिका केशरी एवं राजेश कुमार तथा पी.एल.वी. शत्रुघ्न सिन्हा, रामजी यादव, प्रमोद कुमार, कवींद्र पाठक, मनन कुमार सिंह एवं रामराज सिंह के द्वारा बाल विवाह के दुष्परिणामों पर आधारित प्रभावी नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया.
नुक्कड़ नाटक एवं सभा के माध्यम से ग्रामीणों को बाल विवाह से होने वाली शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक हानियों के विषय में विस्तार से जानकारी दी गई तथा यह बताया गया कि बाल विवाह एक दंडनीय अपराध है. साथ ही, निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी देते हुए लोगों से अपील की गई कि वे किसी भी प्रकार की बाल विवाह की सूचना तत्काल प्रशासन एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार को दें या 15100 नंबर पे कॉल कर के सूचना दे.
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही। अंत में सभी उपस्थित जनों ने बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा को समाप्त करने एवं अपने गाँव को बाल विवाह मुक्त बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।





Comments
Post a Comment